पटना | बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शनिवार को राजद कार्यालय में अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की बैठक की। इस दौरान तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी यादव ने इस दौरान बिना नाम लिए इशारों इशारों में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजनीति में कई तरह के लोग आने लगे हैं, इन लोगों को विचारधारा से कोई मतलब नहीं है, ये लोग बिजनेस कर रहे हैं। पैसा देकर लोगों को बहला रहे हैं।
पैसों पर हो रही राजनीति
तेजस्वी यादव ने इशारों इशारों में पीके पर तंज कसते हुए कहा कि, अभी तरह- तरह के लोग राजनीति में आ रहे हैं। अच्छा है आना ही चाहिए। लोकतंत्र में राजनीति पार्टियों का आना जाना लगा रहता है। लेकिन अब अब ऐसे ऐसे कन्सेप्ट और आइडिया लेकर आया जा रहा है कि, जनता को खरीदने की कोशिश की जा रही है। पैसों पर अब राजनीति शुरू होने जा रहा है। इतना दे दो, इतना ले लो, बिजनेस डील की जा रही है। कोई विचार धारा नहीं है, बिना विचार के साफ नियत के क्या राजनीति की जा सकती है?
इतना तो महादेव भी नहीं कहते
उन्होंने कहा कि, अब राजनीति में है कि हम तुमको मंत्री बना देंगे, तुम मंत्री बन जाओगे....इतना तो महादेव भी नहीं कहते थे, सावन चल रहा है। वो तो वहीं बात है कि सबको बनाने वाली बात है। अरे बनेगा तो 243 ना, और चुनाव लड़ने वाला तो लाखों में मिलेगा। कितना को बनाओगे। तेजस्वी यादव ने कहा कि, ये सब केवल भाजपा के लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर भाजपा के लिए काम कर रहे हैं।
साथ ही तेजस्वी यादव ने अपने कार्यकर्ताओं को सशक्त होकर एक साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि, आप लोग सोचो आपकी लड़ाई कितनी बड़ी ताकतों से है। बिहार सरकार से, भारत सरकार से, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री से, बिहार का कैबिनेट, केंद्र का कैबिनेट, पूंजीपति, बीजेपी मानसिकता वाले मीडिया लोग, अधिकारी लोग सब लोग से है। और आपके साथ कौन है। लोग बोलता है लालू और तेजस्वी के साथ कौन है, तो आप लोग हैं, आप लोग खड़े हैं ना हमारे साथ। तेजस्वी यादव ने कहा कि, जब तक मंजिल पर नहीं पहुंच जाते तब तक साथ दीजिए... पार्टी के कार्यकर्ता, नेता सबको जमकर मेहनत करने की जरुरत है। जब हमलोग अपनी सरकार बना लेंगे तो हमारे पास बहुत विकल्प होगा। हमलोग सबका काम करेंगे।
0 Comments