पटना | बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने सदन में स्कूलों की टाइमिंग बदलने का भरोसा दिलाया था। शिक्षा मंत्री ने कहा था कि दो दिनों में सरकारी स्कूलों की टाइमिंग अब सुबह के 10 से शाम के 4 तक हो जाएगी। शिक्षा मंत्री का यह बयान दिए हुए तीन दिन हो गए। लेकिन अब तक स्कूलों की टाइमिंग में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
अभी सुबह के 9 से शाम के 4.30 तक अभी भी तमाम सरकारी विद्यालय चल रहे हैं। वहीं बिहार युवा शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष दीपांकर गौरव ने कहा कि शिक्षा मंत्री को बयान देने के बाद 72 घंटे बीत गए हैं। लेकिन अभी तक इस पर कोई फैसला नहीं हो पाया है। हम सभी शिक्षक और छात्र भी परेशान हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव से हाथ जोड़कर विनती करते हैं कि वो स्कूल की टाइमिंग में परिवर्तन करवाए। क्योंकि पूर्व में भी स्कूल का संचालन सुबह 10 से शाम 4 के बीच ही होता आया है।
विधान परिषद में मंगलवार को एक प्रस्ताव के जवाब में शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि स्कूलों के प्रारंभ और बंद होने की समय सीमा पर विभाग दो दिनों में निर्णय लेगा। सुबह 9 बजे से स्कूल संचालन 2013 से 2021 तक होता रहा है। इसकी समीक्षा कर विभाग इस मामले का निष्पादन करेगा। जदयू के डॉ. संजीव कुमार सिंह ने प्रस्ताव रखा था कि बिहार विधानमंडल में मुख्यमंत्री द्वारा विद्यालय संचालन की अवधि सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक करने की घोषणा की गई थी। विभाग इसपर अमल करने की बजाय शिक्षकों के वेतन की कटौती करता रहा। इसका समर्थन नीरज कुमार सिंह सहित अन्य सदस्यों ने किया था।
0 Comments